रायपुर। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ विधानसभा चुनाव में अब तक मिले रुझान के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा बढ़त बनाए हुए हैं। उपचुनाव में कांग्रेस की जारी बढ़त को लेकर पार्टी के नेता काफी उत्साहित हैं। इसे लेकर पीसीसी चीफ मोहन मरकाम और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पीसीसी चीफ मोहन मरकाम ने अपने बयान में कहा, खैरागढ़ की जनता को बहुत धन्यवाद देता हूं। कांग्रेस पार्टी की नीतियां और सरकार की नीतियों की उपलब्धियों और योजनाओं के कारण वहां की जनता ने विश्वास किया है। शुरूआती रुझान देखकर यही लग रहा है कि हमारी प्रत्याशी भारी मतों से जीत कर आएंगी।
मरकाम ने कहा, मुख्यमंत्री, मंत्री और पार्टी पदाधिकारी समेत कार्यकर्ताओं ने 40 से अधिक डिग्री में संगठन के लिए जिस तरह से प्रचार प्रसार किया था। यह उसी का परिणाम दिख रहा है। खैरागढ़ उपचुनाव हमारे लिए सेमीफाइनल था। 2023 के फाइनल में जाने से पहले सेमीफाइनल जीतना जरूरी था। पीसीसी चीफ ने कहा, कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा 20,000 से अधिक मतों से जीत कर आएंगी। उन्होंने कहा, जीत की मुख्य वजह जिला बनाने की घोषणा है।

उपचुनाव में कांग्रेस की जारी बढ़त पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भी खैरागढ़ की जनता का धन्यवाद दिया। गृहमंत्री ने कहा – हमारा आकलन था कि 20 से 27 हज़ार की बढ़त से चुनाव जीतेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं का ही नतीजा है जो इतनी अच्छी बढ़त मिली है। उन्होंने कहा, लगातार मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों का दौरा इसलिए जनता का विश्वास बन पाया। कार्यकर्ताओं ने भी लगातार मेहनत की।
गृहमंत्री ने उपचुनाव को सेमीफाइनल के तौर पर देखने को लेकर कहा, हम हर एक दिन को सेमीफाइनल की मान रहे हैं, इसलिए लगातार जनता के हित में काम कर रहे हैं। चुनाव के बाद अब लगातार हमारे दौरे शुरू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री खुद सभी जिलों, सभी विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर जाएंगे। वहां रात रुकेंगे कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। सरकार के सभी मंत्री भी अपने-अपने क्षेत्र में अपने-अपने प्रभारी जिलों में जाएंगे, वहां रात रुकेंगे कार्यकर्ताओं से बात करेंगे।