छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में मंगलवार को एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग तीन मंजिला कपड़ा दुकान में फैल गई। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।
सिटी कोतवाली इलाके में स्थित मानसरोवर कपड़े की दुकान में मंगलवार को करीब एक से डेढ़ बजे के बीच आग लग गई। आग की लपटें इतनी अधिक थीं कि कुछ ही देर में तीन मंजिला कपड़े दुकान में आग फैल गई। घटना को देखकर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। जानकारी पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में लगी हुई है।
वहीं, जब आग लगी तब दुकान के अंदर ग्राहक और कर्मचारी समेत कुल 40 से ज्यादा लोग थे। आनन-फानन में सभी को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मालिक, मैनेजर समेत कुल 4 लोग अंदर फंस गए थे। कुछ देर के बाद उनमें से तीन तो बाहर निकाल लिया गया, लेकिन मैनेजर फंसा रह गया। हादसे में दुकान का मैनेजर जिंदा जल गया गया, जिसका शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। हादसे में मृतक मैनेजर की पहचान जैनेंद्र जैन के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ का रहने वाला था। घटना में लाखों रुपये का कपड़ा जलकर खाक हो गया।