0 नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने दो पार्षद प्रत्याशी बदले
छुरिया- नगर पंचायत छुरिया के चुनाव में कांग्रेस से अध्यक्ष पद की दावेदारी करने वाले कांग्रेस नेता ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय नामांकन भर दिया है। इसके साथ ही कांग्रेस से पार्षद पद का टिकट मिलने के बाद भी उनके दो समर्थकों ने चुनाव लड़ने से हाथ खड़े कर दिए हैं । जिससे कांग्रेस में हडकम्प मच गया, आनन-फानन में दो नये प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारकर कांग्रेस ने राहत की सांस ली है।

उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत में अध्यक्ष एवं पार्षद पद में चुनाव होना है। अध्यक्ष पद एवं पार्षदों की सूची जारी होते ही कांग्रेस में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है । अध्यक्ष पद के दावेदार कांग्रेस नेता भोजवानी साहू ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर निर्दलीय नामांकन भर दिया है । वहीं नगर के दो वार्डों में कांग्रेस के पार्षद पद का टिकट मिलने के बावजूद वार्ड क्र. 4 से रेणुका साहू एवं वार्ड क्र. 14 से नारद साहू ने उनके समर्थन में चुनाव लड़ने से हाथ खड़े कर दिये है। कांग्रेस ने आनन-फानन में इनके बदले इन दो वार्डों में पार्षद पद के लिए दो नये प्रत्याशियों जिनमें वार्ड क्र. 4 से उगेश्वरी सिन्हा, एवं वार्ड क्र. 14 से लोकेश कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है । इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारिणी अध्यक्ष सुनील लारोकर एवं कांग्रेस पार्षद सलमान खान ने भी निर्दलीय फार्म भर चुनावी मैदान में उतर गये हैं । वहीं कांग्रेस से पार्षदों की जारी सूची में भाजपा से बागी होकर टिकट मांगने वाली वार्ड क्र. 9 की सुशीला चंद्रवंशी को भी अपना पार्षद प्रत्याशी बनाया है इसको लेकर भी कांग्रेसियों में विरोध के स्वर उठने लगे हैं । कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर अंतर्कलह से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ती जा रही है ।