डोंगरगांव। लंबे समय से लोगों को हलाकान करने वाला कोरोना वायरस अब ब्लाक में सुस्त पड़ता दिखाई देने लगा है। मई माह के पहले हफ्ते में ब्लाक के विभिन्ना स्वास्थ्य केंद्रों में किए गए कोरोना टेस्ट में करीब 300 लोगों लोग संक्रमित मिले हैं।
जबकि बीते माह में प्रतिदिन सौ या उससे अधिक पाजिटिव केस सामने आ रहे थे। सोमवार को ब्लाक के विभिन्ना क्षेत्रों में लगभग 386 लोगों का रैपिड एंटीजन से जांच की गई। जिसमें 26 नए संक्रमित मिले।
नगर के एक केंद्र तथा ग्राम संबलपुर में भेजे गए दो मोबाइल टीमों को मिलाकर ब्लाक के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 386 लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट तथा 35 का आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया। इनमें 26 लोग
पाजिटिव मिले। इनमें से 17 एक ही गांव संबलपुर के हैं। नगर के वार्ड 14 से एक, ग्राम खपरीकला से दो, ग्राम आमगांव, सुखरी, अर्जुनी, भानपुरी, मचानपार तथा सोनेसरार से एक-एक कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है।
कोरोना संक्रमण की रफ्तार भले ही कम हो रही हो, लेकिन कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में जनजागरूकता काफी दिखाई दे रही है। इसमें भी नगरीय क्षेत्रों में लोगों में जागरूकता अधिक है। जबकि लगातार जनजागरूकता के बाद भी गांवों में वैक्सीन लगाने के लिए लोग कम ही लोग सेंटरों तक पहुंच रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि दो मई से 18 प्लस वालों को टीका लगाया जा रहा है। शुरुआती दिनों में केवल अंत्योदय राशन कार्डधारियों को टीका लगाए जाने के नियम के कारण उस वर्ग के लोग रुचि नहीं ले रहे थे और वैक्सीन सेंटरों में सन्नााटा पसरा हुआ था। अब वर्तमान में सभी को वैक्सीन लगने से सेंटरों में लोगों की कतारें नजर आ रही है।