उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में ससुराल वालों ने दामाद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही वो छटपटाने लगा। दामाद को गंभीर जली अवस्था में उपचार के लिए एसएन अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बताया गया है कि दामाद के द्वारा मकान बनवाने के लिए दो लाख रुपये ससुराल वालों को दिए गए थे। इस रकम पर उनकी नीयत बिगड़ गई। ये रकम लौटानी न पड़े, इसी वजह से उसकी जान लेने का प्रयास किया गया।
यहां का है मामला
मामला ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र का है। बताया गया है कि बीती रात दामाद ट्रांस यमुना स्थित अपनी ससुराल में आया था। उसकी पत्नी भी वहीं पर मौजूद थी। उसने ससुराल वालों को मकान बनवाने के लिए दो लाख रुपये दिए थे। उसे कुछ पैसों की जरूरत थी। इसलिए उसने ससुराल वालों से ये रकम मांगी। ये रकम न देनी पड़े इसलिए साले, सास और पत्नी ने मिलकर उसकी जान लेने का प्रयास किया।
बोला पत्नी से चाहिए तलाक
पीड़ित ने गुहार लगाई कि उसकी रकम वापस करा दी जाए और उस पत्नी से तलाक दिला दिया जाए, जो महज दो लाख रुपये के लिए उसकी जान लेने के लिए उतारू हो गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी साले, सास और पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।