मुख्य समारोह में संसदीय सचिव इन्द्रशाह मण्डावी ने किया ध्वजारोहण
उत्कृष्ट कार्य करने वाले किए गए सम्मानित
नारायणपुर 16 अगस्त 2022
राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ नारायणपुर जिले में पूरे हर्षाेल्लास के साथ मनाई गई। हर बार की तरह इस बार भी मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित खेल परिसर में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संसदीय सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, वाणिज्यिक कर (पंजीयन एवं मुद्रांक) इन्द्रशाह मण्डावी ने सुबह नौ बजे ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में राष्ट्रगान गया गया। मुख्य अतिथि ने पुलिस अधीक्षक सदानन्द और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवेश ध्रुव के साथ परेड का निरीक्षण करने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आम जनता के नाम संदेश का वाचन किया। साथ ही एकता और अखंडता का संदेश देते रंग-बिरंगे गुब्बारे नील गगन में छोड़े गए। राष्ट्रगान के साथ ही हर्ष फायर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लगातार बारिश में भी परेड में शामिल प्लाटूनों का हौसला कम नहीं हुआ। मुख्य समारोह में शहीदों के परिजनों को मुख्य अतिथि ने शॉल और फल देकर सम्मानित किया। मुख्य समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 72 लोगों को मुख्य अतिथि ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम बती नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता मांझी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनाथ उसेंडी के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों, जिले के अधिकारी-कर्मचारी व आमजन मौजूद रहे।