राजनांदगांव। नौसे रोग हरे सब पीरा, जपत निरंतर हनुमत बीरा..चौपाई के साथशहर के सभीहनुमान मंदिरों में शनिवार को हनुमान जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। सुबह आठ बजे से विशेष-पूजन किया गया। ध्वज पूजन कर ध्वज पताका भी फहराया गया। अभिषेक पूजन के बाद हनुमन चालीसा का पाठ हुआ। वहीं विश्व की मंगल कामना के लिए यज्ञ किया गया। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर शहर में शोभायात्रा निकाली गई। शाम में दीप यज्ञ व सुंदरकांड पाठ हुआ। हनुमान भक्ति की अविरल धारा में भक्तों ने भक्ति सागर में डूबकी लगाई। हनुमान जयंती को लेकर शहर में पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी रही। जयस्तंभ चौक में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रहे। गुडाखू लाइन और जूनी हटरी के रास्ते को बेरीकेट्स से सील किया गया था, जहां दर्जनभर से अधिक जवान भी तैनात किए गए थे। शोभायात्रा के आगे-पीछे भी पुलिस जवानों की टीम मौजूद रही। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने ड्रोन कैमरे से निगरानी भी की।
कोरोना के खात्मे की गई आराधना : हनुमान जयंती के मौके पर जिले भर में श्रीगुरु चरण सरोज रज निज मन मुकुर सुधारि..बरनउं रघुबर बिमल जस ज्यो दायक फल चारि। हनुमान चौपाई के साथ श्रद्धालुओं ने हनुमानजी महाराज से कोरोना के खात्मे के लिए आराधना की। जयंती पर सुबह मंदिरों में विशेष पूजा अर्चना हुई। शाम को श्रृंगार हुआ। शनिवार को सुबह से ही मंदिरों में हनुमान चालीस का पाठ शुरू हो गया। पूजा अर्चना के बाद भोग लगाया गया। मानव मंदिर चौक स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, महावीर चौक स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, गंज लाइन स्थित बालाजी मंदिर में हनुमान जी की पूजा-अर्चना की गई।
हनुमान भक्तों का उमड़ा जनसैलाब
म्यूनिस्पिल स्कूल से शोभायात्रा निकली। शोभायात्रा में आदिवासी नृत्य की झलक भी लोगों को देखने को मिली। शंकरपुर, बसंतपुर, चौखड़िया पारा, गोलबाजार व अन्य क्षेत्र के लोगों डीजे की धुन में भक्ति गीतों में थिकरते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा चलित झांकियों ने भी भक्तों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में देखते ही देखते हनुमान भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
शोभायात्रा म्यूनिस्पल स्कूल से गुरुद्वारा चौक, जमातपारा, मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, दुर्गा चौक, बालगोविंद चौक, बसंतपुर थाना चौक, सदर बाजार व अन्य मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस म्यूनिस्पल स्कूल मैदान पहुंची, जहां भक्तों का प्रसादी वितरण किया गया। इसके पहले शोभायात्रा का शहर में जगह-जगह स्वागत किया गया। हनुमान भक्तों पर फूलों की बारिश की गई। हनुमान जयंती को लेकर भक्तों ने चौक चौराहों में स्टाल लगाए गए थे। स्टाल में पानी, नाश्ता, आइसक्रीम की व्यवस्था की गई थी।