डोंगरगांव। केरेगांव के आदिवासी किसान स्व. सुरेश नेताम के परिवार को न्याय दिलाने कुमरदा बस स्टैंड के सामने भाजपाइयों की भूख हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। कर्ज और रकबा कम होने से परेशान होकर खुदकुशी करने वाले आदिवासी किसान सुरेश नेताम के परिवार को भाजपाइयों ने न्याय दिलाने की मांग की है। भूख हड़ताल में मृत किसान की पत्नी गैंदबाई सहित उनके तीनों बच्चें भी बैठ रहे हैं।
गुरुवार को अनिश्चितकाली भूख हड़ताल को समर्थन देने पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने मृतक किसान के पंचनामा को सार्वजनिक करने की मांग की। प्रवक्ता नीलू शर्मा ने कहा कि स्व सुरेश नेताम की पत्नी को क्षेत्र की विधायक व कांग्रेसी नेता न्याय नहीं दिला पा रहे हैं। केंद्रीय गोंड महासभा के अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने आदिवासी समाज को सरकार दबाने का प्रयास कर रही है।
किसान की मौत सरकार की गलत नीतियों के कारण हुआ। सरकार को तत्काल मुआवजा देना चाहिए। भाजपा ने न्याय मिलने तक इस लड़ाई को लड़ने की बात कही और समर्थन दिया। भूख हड़ताल को किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष हीरेंद्र साहू व युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री कैलाश शर्मा ने जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग की, जिसमें गिरदावरी को आगे पीछे करने पंचनामा बदलने का मामला है। पूर्व जिलाध्यक्ष यादव समाज कन्शु यादव, हल्बा समाज ब्लाक अध्यक्ष भीषण उर्वसा सहित प्रमुख वक्ताओं ने संबोधित किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में आदिवासी के प्रति संवेदनशील नहीं है। आदिवासियों को न्याय दिलाने में पूरी तरह विफल है। मृतक की पत्नी को भूख हड़ताल पर बैठना पड़ रहा है। आदिवासी महिला व मृतक परिवार को न्याय दिलाने तक आंदोलन जारी रहेगा। कार्यक्रम का संचालन जनपद उपाध्यक्ष एकांत चंद्राकर ने किया।
चौथे दिन इन्होंने की भूख हड़ताल भाजपा के प्रदेश मंत्री कैलाश शर्मा ने बताया कि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के चौथे दिन जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष हीरेन्द्र साहू, कैलाश शर्मा, मंडल अध्यक्ष गोपाल साहू, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध चंद्राकर, कंशु यादव, किसान सुरेश नेताम की पत्नी गैंद बाई नेताम और उनके तीनों बच्चों ने भूख हड़ताल किया। गुरुवार को हड़ताल को भाजपा महामंत्री बोधन साहू, सुंदर लाल साहू, मनीष जैन, किशुन साहू, योगेंद्र राजपूत, हिरदे देवांगन, डोमन साहु, कपिल बघेल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने समर्थन दिया।