कहा जाता है कि भैंस गहरे पानी में जाते ही पसर जाती है और गहरे पानी में जाते ही गोता लगाने लगती है लेकिन यह बात एक युवक को पता नहीं थी, जिसने भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार करने का प्रयास किया और अपनी इस गलती का खामियाजा उसे जान देकर चुकाना पड़ा है। इंगोरिया थाना पुलिस ने बताया कि मिथुन (पुत्र देवीसिंह 16 वर्ष निवासी किलोली थाना इंगोरिया) शुक्रवार दोपहर जंगल में मवेशी चराने पहुंचा था। इसी दौरान मिथुन भैंस की पूंछ पकड़कर चंबल नदी पार करने लगा। भैंस ने बीच नदी में पहुंचकर गहराई में गोता लगा दिया, जिससे मिथुन के हाथ से भैंस की पूंछ छूट गई और वह गहरे पानी में डूब गया। आसपास के लोगों ने उसकी लाश नदी में देखकर परिजनों को सूचना दी। इंगोरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजा, बाद में परिजनों को सौंप दिया।