राजनांदगांव, 31 मार्च सकल जैन समाज द्वारा आयोजित महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव आज 1 अप्रैल से शुरू हो रहा है जो चार दिनों तक चलेगा। इसके तहत विविध धार्मिक आयोजनों के साथ ही समाज सेवा के कार्यक्रम भी होंगे। महोत्सव समिति का संरक्षक मनोज बंद ( अध्यक्ष सकल जैन श्री संघ ) एवं संयोजक रमेश जैन को बनाया गया है।
महोत्सव समिति का उपाध्यक्ष सुशील छाजेड, सचिव दीपक कोठारी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र बाफना और मंत्री रविकांत जैन को बनाया गया। कल एक से चार अप्रैल तक चलने वाले इस चार दिवसीय आयोजन के तहत एक अप्रैल को जैन बगीचे के सामने दोपहर 12 बजे से अन्न दानम, दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक रामाधीन मार्ग स्थित तेरापंथ भवन के सामने शरबत वितरण, दूसरे दिन 2 अप्रैल को दिगंबर जैन मंदिर गंज लाइन के सामने से प्रातः छह बजे से अहिंसा रन, दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक भारतीय जैन संघटना महिला मंडल द्वारा जैन बगीचे में महावीर जैन सिद्धांत एग्जीबिशन लगाया जाएगा। साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक जैन स्थानक भवन बसंतपुर थाना के बाजू सदर बाजार से शरबत वितरण किया जाएगा। जाएगा। इसी दिन महावीर विद्या आश्रम में शाम 4.30 बजे फल वितरण एवं मिष्ठान वितरण होगा तथा शाम 7.30 बजे से जैनबगीचे में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। तीसरे दिन 3 अप्रैल को जीव दया यात्रा का आयोजन सुबह छह बजे जैन बगीचे से रानीसागर, गुरुद्वारा, मानव मंदिर चौक से होते हुए वापस जैन बगीचे तक किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक दिगंबर जैन मंदिर गंज लाइन में शरबत का वितरण किया जाएगा। शाम 7.30 बजे से जैन बगीचे में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के अंतिम दिन चार अप्रैल को प्रातः छह बजे से जैन बगीचे से समस्त संघों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह नौ बजे श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर के सामने से बरगोड़ा निकाला जाएगा जो नगर ‘भ्रमण करते हुए वापस जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न होगा। इसी दिन यहां उदयाचल प्रांगण में प्रात: 10.30 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा और सुबह 11 बजे यहां पक्षियों हेतु छत पर रखने के लिए सकोरा और अनाज वितरण किया जाएगा तथा रात्रि 8.30 बजे से श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर में समस्त भक्ति मंडलियों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति की जाएगी और 108 दीपकों की आरती की जाएगी।