राजनांदगांव। एनएसयूआई के प्रदेश संयुक्त महासचिव राजा यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। यादव का कहना है कि आलीवारा स्कूल के छात्रों ने जब अपनी समस्याओं को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क किया, तो अधिकारी ने न केवल छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार किया बल्कि उन्हें धमकाने की कोशिश भी की।
राजा यादव ने इस घटना को निंदनीय बताते हुए कहा, “जिला शिक्षा अधिकारी का यह कृत्य किसी भी सूरत में क्षमायोग्य नहीं है। इस अधिकारी का व्यवहार यह दर्शाता है कि वह शिक्षित नहीं बल्कि अशिक्षित हैं। अगर कोई छात्र अपनी समस्याओं को लेकर उनके पास जाता है, तो वे उसे धमकाकर अंदर कर देंगे।”
एनएसयूआई नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इस गैर-जिम्मेदार अधिकारी पर तत्काल कार्रवाई नहीं की जाती है, तो एनएसयूआई उग्र प्रदर्शन करेगी। यादव ने शासन से अपील की है कि ऐसे अधिकारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।
एनएसयूआई की ओर से यह चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगा।