दो सूने घरों में चोरी की वारदात का खुलासा, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
रायपुर। थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में नकबजनी के दो मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय आरोपी समेत तीन चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
*चोरी की वारदात और आरोपियों की गिरफ्तारी*
प्रार्थी दिनेश अग्रवाल और नरेश मिश्रा ने अपने घरों से लाखों की नकदी और आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में प्रतीक रजक (राजनांदगांव), दुर्गेश निर्मलकर (बालोद) और उमेश खापेकर (नागपुर, महाराष्ट्र) शामिल हैं।
बरामदगी और आगे की जांच
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 3300 रुपये बरामद किए हैं। हालांकि, चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और 10 लाख रुपये की बरामदगी को लेकर पुलिस तस्दीक कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।