राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की एक अत्यावश्यक सभा आहूत की जाकर जिले के समस्त कर्मचारी साथियों से अपील की गयी है, कि फेडरेशन के आव्हान पर निर्धारित कार्यक्रम अनुसार सोमवार, दिनांक 22 अगस्त से प्रारंभ होने वाले चौथे चरण के अनिश्चितकालीन आंदोलन में स्वविवेक से निर्णय लेते हुए अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का कष्ट करेंगे।
संघ के हरीश भाटिया संरक्षक, अरूण देवांगन अध्यक्ष, आनन्दकुमार श्रीवास्तव सचिव आदि ने कहा कि लंबे समय से प्रादेशिक पदाधिकारियों के द्वारा उचित माध्यम से शासन के समक्ष अपना पक्ष रखा जाकर सातवें वेतनमान पर मकान भाडा¸ भत्ता व 12 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिये जाने की मांग की जाती रही है। परंतु शासन के द्वारा राज्य के चार लाख से भी अधिक छोटे बड़े अधिकारी, कर्मचारियों की उचित मागों की घोर उपेक्षा की जा रही है। विगत करीब तीन वर्षों से कर्मचारियों के महंगाई भत्ता की एरियर्स की बकाया राशि के संबंध में भी खामोशी छाई हुई है, जो कि हम कर्मचारियों का हक और अधिकार है।
शासन के द्वारा दिया जा रहा 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता जो कि इस माह से देय है, कर्मचारी इस पर काफी दुखी हैं कि देश के अन्य राज्यों में संतोषजनक महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों के साथ शासन के द्वारा संवेदनशीलता नहीं दिखाई जा रही है, जबकि प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा राज्य के अन्य वर्गों के साथ पूरी सहानुभूति प्रकट की जा रही है।