राजनांदगांव। राज्य सिंधी अकादमी बोर्ड के पदाधिकारियों की बैठक गत दिनों राजधानी रायपुर स्थित कार्यालय में आहूत की गई। बैठक में बोर्ड के सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक पंजवानी ने सिंधी समाज के आराध्य देव पूज्य झूलेलाल की जयंती पर राज्य शासन द्वारा शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि झूलेलाल जयंती के दिन समस्त सिंधी समाज के लोग अपना कारोबार बंद रखकर त्यौहार मनाते हैं। छत्तीसगढ़ के व्यापार जगत में सिंधी समाज की अहम भूमिका है, इसलिए इस दिन शासकीय अवकाश घोषित किया जाना समाज के हित में होगा। इसी तरह श्री पंजवानी ने सिंधी समाज के ऐसे गरीब लोगों को जिनके पास रहने को मकान नहीं है, जमीन नहीं है या जमीन रहते हुए भी मकान नहीं बना पा रहे हैं, ऐसे लोगों को आवास योजना के तहत आर्थिक मदद देने की मांग की।
श्री पंजवानी की मांग को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष राम गिलानी ने कहा कि इस सम्बंध में प्रस्ताव पारित कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिलकर झूलेलाल जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा करने की मांग रखेंगे।
बैठक में बोर्ड के अध्यक्ष राम गिलानी, उपाध्यक्ष नानक रेलवानी, सदस्यगण अमर बजाज, मुरलीधर पंजवानी, अशोक पंजवानी, श्रीमती राधा राजपाल, सुरेश कुमार ढिंगनानी, अर्जुन दस वासवानी, अमर गिडवानी, अमर पहचानी, रोशन कलवानी आदि उपस्थित थे।