डोंगरगढ़ : ग्राम करवारी स्थित फार्म हाउस में अवैध शराब के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली निवासी शराब ढ़क्कन (कैप) सप्लायर और फैक्ट्री मालिक विक्रम आहूजा उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में नकली शराब ढ़क्कन सप्लाई करने का आरोप है।
शराब ढ़क्कन बनाने का दिल्ली में था अड्डा
पुलिस जांच में सामने आया कि विक्रम आहूजा दिल्ली के बी-32 नरेश पार्क स्थित ‘पैकव्यू’ नामक फैक्ट्री का मालिक है। इस फैक्ट्री से वैध लाइसेंस के नाम पर ढ़क्कन बनाए जाते थे, जिनकी सप्लाई छत्तीसगढ़, पंजाब, मध्यप्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में होती थी। लेकिन आरोपी ने इस वैध व्यापार का इस्तेमाल अवैध तरीके से पैसे कमाने के लिए भी किया।
नकली ढ़क्कन का अवैध कारोबार, बिना ऑर्डर सप्लाई
पुलिस के अनुसार विक्रम आहूजा ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपी चंदन ममतानी को 60,000 नग ढ़क्कन की सप्लाई की थी, जो छत्तीसगढ़ में बिकने वाली शराब की बोतलों पर लगाए जाते थे। यह सप्लाई बिना किसी वैध परचेस ऑर्डर के की गई थी। आरोपी प्रति ढ़क्कन 30-40 पैसे का मुनाफा कमाता था।
करवारी फार्म हाउस में पकड़ी गई थी बड़ी मात्रा में शराब
29 मार्च 2025 को डोंगरगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम करवारी, लतमर्रा जाने वाले कच्चे रास्ते में स्थित रोहित नेताम उर्फ सोनू के फार्म हाउस में भारी मात्रा में मध्यप्रदेश की शराब अवैध रूप से डंप की गई है। मौके पर छापा मारते हुए पुलिस ने कुल 432 पेटी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 27,32,670/- रुपये है, जब्त की थी। साथ ही मकान के तलघर से बड़ी संख्या में खाली शीशियां, गोवा व्हिस्की के स्टीकर, होलोग्राम बंडल और अन्य सामग्री बरामद की गई थी।
विशेष टीम की कार्रवाई से सामने आया नेटवर्क
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग ने एक विशेष टीम का गठन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में टीम ने दिल्ली जाकर आरोपी विक्रम आहूजा को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।