0 कहा – पुलिसिंग फेल, गैंगवार बढ़ रहे, अपराध पर अंकुश नहीं लग रहा
राजनांदगांव। जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने बयान जारी कर आपराधिक वारदातों में सिलसिलेवार हत्या और दूसरी घटनाओं के लिए सरकार, पुलिस और प्रशासन को दोषी ठहराया है। मोनू ने कहा कि, शहर सहित प्रदेशभर में लॉ एंड ऑर्डर ध्वस्त हो चुका है। 24 घंटों में तीन हत्या से राजनांदगांव शहर के लोगों में डर बना हुआ है। पुलिस कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम साबित हो रही है और यह स्थिति समाज के लिए नुकसानदायक है।
मोनू ने कहा कि, अपराधियों में काननू का खौफ नहीं रहा है। रोजाना गैंगवार हो रहे हैं, हत्या हो रही है। आरोपी तो पकड़ लिए जाते हैं लेकिन इस अपराधिक मानसिकता पर लगाम नहीं लग पा रही है। एनसीआरबी के रिकॉर्ड बताते हैं कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के कार्यकाल में हर दिन हत्या-बलात्कार के औसतन तीन प्रकरण सामने आ रहे हैं। भूपेश बघेल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि, गली-मुक्कड़ में नशे का सामान और चाकू-छुरा आसानी से उपलब्ध हो रहा है। नाबालिगों को भी यह सब कुछ हासिल हो रहा है। यह स्थिति पुलिस की कमजोर कड़ी का ही नतीजा है। चाकूबाजी की वारदातें बढ़ रही है। कुछ समय पहले शहर में लूट-डकैती की घटना भी हो चुकी है। संस्कारधानी में हावी होती इस संस्कृति के लिए पुलिस और प्रशासन जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि, पुलिस फेल हो रही है। बढ़ते अपराधों पर किसी तरह का अंकुश नज़र नहीं आ रहा। गैंगवार और खासकी चाकूबाजों पर कार्रवाई की नितांत आवश्यकता है। त्योहार चल रहा है इस बीच बड़ी भीड़ के बीच किसी तरह की वारदात की आशंका बनी हुई है। सवाल उठता है कि क्या पुलिस हमें हमारी सुरक्षा की गारंटी दे पाएगी ? जैसे हालात फिलहाल बने हुए हैं उसे लेकर लोगों में खौफ बना हुआ है।