राजनांदगांव. धमतरी जिले के ग्राम पोटियाडीह में 22 मार्च को हुई 20 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक नाबालिग सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की रकम में से 19.85 लाख रुपये बरामद किए हैं।
राजनांदगांव निवासी व्यापारी सागर गांधी के कर्मचारी पुरुषोत्तम साहू 22 मार्च को 20 लाख रुपये लेकर धमतरी में एक व्यापारी के पास जा रहे थे। कार को ड्राइवर राजेश साहू चला रहे थे। ग्राम पोटियाडीह के पास स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद स्कॉर्पियो से तीन नकाबपोश व्यक्ति उतरे और एयर गन दिखाकर मारपीट करते हुए 20 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस और साइबर सेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिले भर में नाकेबंदी की और रायपुर, राजनांदगांव एवं बालोद पुलिस का सहयोग लिया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को कुछ ही घंटों में राजनांदगांव से गिरफ्तार किया गया।
जांच में पता चला कि व्यापारी के ड्राइवर राजेश साहू और पूर्व ड्राइवर नेमचंद बघेल ने तीन महीने पहले लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने प्रदीप बंदे, ज्ञानचंद बंदे, कृष्णा भारती और एक नाबालिग को शामिल किया। आरोपियों ने स्कॉर्पियो वाहन किराए पर लेकर वारदात को अंजाम दिया।
धमतरी के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 19.85 लाख रुपये, स्कॉर्पियो वाहन, स्विफ्ट डिजायर कार और एयर गन बरामद की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में धमतरी, रायपुर, राजनांदगांव और बालोद पुलिस की संयुक्त टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम
(01) प्रदीप बंदे पिता प्रीतम दास बंदे उम्र 22 साल साकिन नाथुनवागांव थाना डोगरगांव जिला राजनांदगांव(छ.ग.)। (02) ज्ञानचंद बंदे पिता नरेन्द्र बंदे उम्र 28 साल साकिन नाथुनवागांव थाना डोगरगांव जिला राजनांदगांव(छ.ग.)। (03) राजेश साहू पिता टीकम साहू उम्र 30 साल साकिन बुद्ध भरदा थाना लालबाग जिला राजनांदगांव(छ.ग.)। (04) नेमचंद बघेल पिता दाउलाल बघेल उम्र 30 साल साकिन नाथुनवागांव थाना डोगरगांव जिला राजनांदगांव(छ.ग.) (05) कृष्णा भारती पिता मंगलदास भारती उम्र 36 साल साकिन लिटिया थाना लालबाग जिला राजनांदगांव (छ.ग.) (06) विधि से संधर्षरत 01 बालक