राजनांदगांव- बागनदी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक किशोरी को अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ लखनऊ ले गया था। किशोरी के स्वजनों की शिकायत पर बागनदी पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया और उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले को गंभीरता से ली। रिपोर्ट लिखने के बाद बागनदी पुलिस की टीम अपहृत किशोरी की पता तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान पुलिस को संदेही युवक के बारे में लोकेशन ट्रेस करने पर लखनऊ में मिला। इसके बाद पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देश पर बागनदी पुलिस की टीम लखनऊ रवाना हुई, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस आरोपित के ठिकाने तक पहुंची। बागनदी थाना प्रभारी केशरीचंद साहू ने बताया कि आरोपित बिल्हा हिर्री बिलासपुर के धौराभाठा निवासी रमेश शास्त्री (20) किशोरी को बहला-फुसलाकर शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ भगा ले गया था।आरोपित के चंगुल से पीड़िता किशोरी को छुड़ाया गया। बताया गया कि आरोपित युवक ने शादी का प्रलोभन देकर किशोरी के साथ दुष्कर्म भी किया। किशोरी को बरामद कर आरोपित युवक रमेश को गिरफ्तार कर लिए हैं। उन्हें राजनांदगांव लाने के बाद आरोपित को पुलिस ने न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया। पुलिस ने पीड़िता किशोरी से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि आरोपित ने शादी करने का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया था। उसके साथ आरोपित ने शारीरिक संबंध भी बनाया।वहीं जब शादी की बात कहने पर हर बार वह बात को टाल देता था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 363, 366, 376, 4,6 पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी केसरीचंद साहू के साथ सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार झा, आरक्षक नामदेव नागवंशी, सुनील नवरत्न, राकेश मंडावी, भुनेश्वर ध्रुव व रक्षित केंद्र राजनांदगांव की महिला आराक्षक सहित स्टाफ की टीम मौजूद रही।