छत्तीसगढ़ के भिलाई में चलती बाइक पर रोमांस करना लड़के और लड़कियों को भारी पड़ गया। बिना नंबर प्लेट की बाइक पर घूम रही दो युवतियों सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान बाइक भी चोरी की मिली है। पूछताछ में सामने आया है कि लड़की ने अपने पूर्व प्रेमी को जलाने के लिए ऐसी हरकत की थी। बताया जा रहा है कि लड़के और लड़कियों का ऐसा गिरोह है, जो इस तरह सड़कों पर घूमकर नशे के लिए लूट करता है।

200 सीसीटीवी चेक कर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव बताया कि इन लड़कों और लड़कियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को निर्देश दिए गए थे। टीम ने सिविक सेंटर से लेकर नेहरू नगर को जाने वाले मार्ग के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। इसमें दिख रही एक्टिवा के नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस को एक्टिवा जवाहर नगर स्थित एक मकान के बाहर खड़ी मिली। पता चला कि मकान में दो लड़कियां किराये से रहती हैं।
चौक पर बुलाकर आरोपियों को लगाई फटकार
पुलिस ने दोनों लड़कियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि, एक्टिवा उनके दोस्त उदय सिंह की है और बाइक एक अन्य दोस्त जावेद की। वे सभी जयंती स्टेडियम स्थिति जिम गए थे। वहां से लौटने के दौरान जावेद ने लड़की को बाइक की टंकी पर बिठाकर घुमाया था। इसके बाद पुलिस ने बाइक और एक्टिवा जब्त कर ली। दोनों लड़कियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चौहान टाउन निवासी जावेद व अन्य आरोपियों को ग्लोब चौक पर बुलाया। वहीं पर एसपी ने उनको फटकार लगाई।
साल भर पहले राजनांदगांव से चोरी की गई थी बाइक
पुलिस पूछताछ में जावेद ने बताया कि उसके पिता की वैशाली नगर में फर्नीचर की दुकान है। जबकि दोनों लड़कियां बाहर से भिलाई पढ़ने के लिए आई थीं। यह भी सामने आया कि जावेद जिस बाइक पर लड़की को घुमा रहा था, वह करीब साल भर पहले राजनांदगांव से चोरी की गई थी। इस बाइक की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है, जिसे जावेद ने नौ हजार रुपये में खरीदा था। वहीं जावेद का कहना है कि यह बाइक उसकी नहीं है। उसने अपने दोस्त से ली थी। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।

दो दिन पहले वायरल हुआ था वीडियो
दरअसल, शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें काले रंग की हाई स्पीड बाइक पर एक कपल रोमांस करते हुए निकला। फिल्मी स्टाइल में लड़की बाइक की टंकी पर बैठी थी। उसने लड़के को गले लगा रखा था और किस कर रही थी। इस दौरान अन्य गाड़ियों से चल रहे उनके दोस्त वीडियो बना रहे थे। बिना नंबर की बाइक पर दोनों जयंती स्टेडियम के पीछे वाले रास्ते से निकलते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इसमें एफआईआर दर्ज कर ली।
युवतियों के साथ एक माह से जा रहा था जिम
जावेद ने बताया कि युवती उसकी फ्रैंड है। गदाचौक में जिम है। एक माह से उसके साथ जिम करता है। उससे युवती ने बाइक से लॉन्ग ड्राइव पर रोमांस करने की बात कही थी। जावेद ने समाज के अन्य युवा वर्ग से अपील किया कि जान को जोखिम न डाले। पुलिस सबक सिखाएगी।
साथी बनाता था वीडियो
एक बाइक में जावेद युवती को टंकी पर बैठाकर रोमांस करते चलता था तो उसके पीछे स्कूटी में उसका साथी उदयसिंह उसका वीडिया बनाता था। वह दूसरी युवती को अपनी गाड़ी में बैठाकर चलता था

सॉरी सर, दोबारा गलती नहीं होगी
एसपी ने आरोपी जावेद अली को ग्लोब चौक पर सार्वजनिक किया। मीडिया और भीड़ को देख उसके होश उड़ गए। पसीना पसीना नजर आ रहा था। दोनों लड़कियों के साथ जावेद गिड़गिड़ाने लगा। लड़कियों ने सॉरी बोला और कहा कि इस तरह की गलती दोबारा नहीं होगी। वहीं जावेद रो पड़ा और कहने लगा कि सर माफ कर दीजिए।
एसपी डॉ अभिषेक पल्लव ने बताया सड़क पर बाइक चलाते हुए युवक युवती अश्लील हरकते वीडियो वायरल हुई थी। प्रकरण दर्ज कर शहर के सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। दोनों कपल को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है। जनता से अपील है कि हेलमेट पहने बिना और बिना नम्बर प्लेट की गाडी न चलाए। ट्रैफिक रुल्स तोड़ने पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।