0 जनपद में 5 मार्च को होगा चुनाव
छुरिया- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव वर्ष 2025 का परिणाम आने के बाद जनपद पंचायत छुरिया के 25 जनपद क्षेत्रों में जनपद सदस्य निर्वाचित हुए हैं । जिसका आज गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए अधिसूचना जारी कर दी है । जहां पांच मार्च को चुनाव सम्पन्न होना है ।
मिली जानकारी अनुसार जनपद पंचायत छुरिया में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए अधिसूचना जारी कर दी है । पांच मार्च को जनपद पंचायत में इस पद का चुनाव होना है । चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी को पीठासीन अधिकारी एवं सहायक पीठासीन अधिकारी जनपद सीईओ होरी लाल साहू को नियुक्त किया है । जिनकी उपस्थिति में पांच मार्च को निर्धारित समय प्रातः 11 बजे से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए नामांकन पत्र लिया जायेगा । तत्पश्चात इसकी समीक्षा की जायेगी । वहीं नाम वापसी के बाद सबसे पहले जनपद अध्यक्ष का चुनाव होना है उसके बाद जनपद उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जायेगा । फिर चुनाव परिणाम की घोषणा की जायेगी ।
0 भाजपा के पास बहुमत, कांग्रेस में प्रत्याशी की तलाश
जनपद पंचायत चुनाव में भाजपा ने जहां 25 जनपद क्षेत्रों में 19 जनपद सदस्यों को अधिकृत कर चुनाव मैदान में उतारा था जिसमें से अधिकांश भाजपा अधिकृत प्रत्याशी चुनाव जीते है। वहीं इस चुनाव के प्रभारी पूर्व मंत्री स्व.रजिन्दरपाल सिंह भाटिया के सुपुत्र जगजीत सिंह भाटिया लकी ने कमान संभाला हुआ था । चुनाव जीतने के बाद उन्होंने जिला भाजपा अध्यक्ष के समक्ष सभी विजयी जनपद सदस्यों को रूबरू कराया था । वहीं उनका दावा है कि इस बार जनपद चुनाव में भाजपा के पास पूर्ण बहुमत है और जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी ही चुनाव जीतकर अपना कब्जा बरकरार रखेंगे । वहीं जनपद सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी में अधिक दावेदार होने से असमंजस की स्थिति एवं गुटबाजी होने से चुनाव प्रसार के अंतिम समय तक अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई जिसका नुकसान कांग्रेस पार्टी को इस चुनाव में उठाना पड़ा । चुनाव नतीजे के बाद गिनती के कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अपने दम पर चुनाव जीतने में कामयाब हुए । इधर अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव का अधिसूचना जारी एवं पांच मार्च को इस पद का चुनाव होना है जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी में चुनाव लड़ने संभावित प्रत्याशियों की तलाश तेज कर दी गई है ।