गरीब और कमजोर वर्ग समूह के बच्चों को निजी स्कूलों की आरक्षित सीटों पर एडमिशन दिलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऑनलाइन आवेदन के बाद अब पालकों से जरूरी दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं। नोडल अफसरों की ओर से जमा किए गए दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के बाद पात्र आवेदनों को लॉटरी में शामिल किया जाएगा। नोडल अफसरों की ओर से मैसेज के माध्यम से पालकों को सूचना दी गई थी कि 23 मई तक ऑप्शन में दिए गए जरूरी दस्तावेजों को जमा करेंगे।
पालक संबंधित नोडल अफसरों को जरूरी दस्तावेज जमा कर रहे हैं। बीपीएल सर्वे सूची, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, पालक का आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज दिखा रहे हैं। नोडल अफसरों की ओर से इन आवेदनों का वेरीफिकेशन किया जा रहा है। इस बार भी आरटीई की 4 हजार से अधिक सीटों के लिए 5 हजार से अधिक आवेदन आएं हैं।
नोडल अफसरों की ओर से जमा किए दस्तावेज के आधार पर सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही इन आवेदनों को लॉटरी के ऑप्शन में डालेंगे। इसके बाद लॉटरी निकाली जाएगी। डीईओ की ओर से नोडल अफसरों को दस्तावेजों का गंभीरता के साथ सत्यापन करने कहा है। नोडल अफसरों की ओर से पालकों को दस्तावेजों की कमियां बताकर उसे जल्द सबमिट करने की सलाह भी दी जा रही है।