राजनांदगांव. नगर निगम चुनाव के मतों की गणना के बाद सियासी तस्वीर साफ हो गई। इस चुनाव में निगम के दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ गया। नए चेहरों ने दिग्गजों को पटखनी दी है। शीतला माता वार्ड 24 ेसे पांच बार के पार्षद व शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा इस बार चुनाव हार गए हैं।
भाजपा के प्रत्याशी शैंकी बग्गा ने 444 वोटों के अंतर से परास्त कर कांग्रेस के इस किले को ढहा दिया है। इस वार्ड से जीत को लेकर कांग्रेस हर चुनाव में आश्वस्त रही है पर रक्षा मंत्रालय की नौकरी छोड़कर पार्षद चुनाव लड़ने वाले शैंकी ने यहां कड़ी टक्कर दी और मतदाताओं का भरोसा जीत लिया।
वहीं नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु भी चुनाव हार गए हैं। किशुन वार्ड 17 से भाजपा के पार्षद प्रत्याशी थे। कांग्रेस प्रत्याशी संतोष पिल्ले से सीधा मुकाबला था। पिल्ले ने किशुन को 206 वोटों के अंतर से हराया है। पिल्ले लगातार निगम की राजनीति में सक्रिय हैं। इसी तरह कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता अशोक फड़नवीस सहित प्रज्ञा गुप्ता भी चुनाव हार गई हैं। इन्हें कांग्रेस की ओर से पार्षद पद के लिए दोबारा मौका दिया गया था। कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम दुबे भी पराजित हो गई हैं। कुसुम को भाजपा प्रत्याशी अपूर्वा श्रीवास्तव ने हराया है।