भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 57 सीटों पर चुनाव की घोषणा कर दी है, जिसमें छत्तीसगढ़ की 2 सीटें भी शामिल हैं। भाजपा के रामविचार नेताम और कांग्रेस की छाया वर्मा का कार्यकाल 29 जून को समाप्त हो रहा है। चुनाव की अधिसूचना 24 मई को जारी की जाएगी। राज्यसभा के लिए 31 मई तक नामांकन दाखिल किया जा सकेगा। 1 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 2 जून तक उम्मीदवार को नामांकन पत्र वापस लेने का मौका दिया जाएगा। 10 जून को राज्यसभा के लिए मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। 10 जून को ही परिणाम जारी किए जाएंगे। बता दें कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत राज्यसभा जाने की इच्छा जता चुके हैं। डॉ. महंत ने कहा था कि मैं विधानसभा और लोकसभा जा चुका हूं। 11 बार चुनाव लड़ चुका हूं। ऐसे मैं राज्यसभा में एक बार सेवा करना चाहता हूं। यह मैं आज करूं या 5 साल बाद करूं यह अलग बात है। 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 71 विधायक हैं। ऐसे में दोनों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है। चुनाव की घोषणा होते ही अब राज्यसभा जाने के दावेदारों की लॉबिंग शुरू हो गई है। कौन राज्यसभा जाएगा इसका अंतिम फैसला सीएम भूपेश बघेल को ही लेना है।
राज्यसभा की एक सीट पर जीत दर्ज करने के लिए कम से कम 31 वोट की जरूरत है। प्रदेश विधानसभा में भाजपा के सिर्फ 14 विधायक हैं। वहीं, जनका कांग्रेस छत्तीसगढ़ के तीन, बसपा को दो विधायक हैं। ऐसे में सभी विपक्षी विधायकों को जोड़कर भी भाजपा 31 वोटों का जुगाड़ नहीं कर पाएगी। वर्तमान में कांग्रेस 71 विधायकों के साथ बहुमत में है।
सीट के दावेदारों में यह नाम भी सामने
राज्यसभा सीट के दावेदारों में कांग्रेस की तरफ से एक स्थानीय नेता और दूसरी राष्ट्रीय नेता के लिए आरक्षित किये जाने के आसार बन रहे हैं। सूत्रों की मानें तो छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद बनने वाले नेताओं में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल और पी. चिदंबरम के नामों की भी चर्चा है। हालांकि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नाम का दावा 2 साल पहले से किया जा रहा है। वहीं स्थानीय स्तर पर 6 चेहरे गिनाए जा रहे हैं। यह बात भी तय है कि कांग्रेस आलाकमान उन्ही नामों पर अपनी मुहर लगाएंगी, जिनकी सिफारिश सीएम भूपेश बघेल करेंगे।
चुनाव अधिकारी की हो चुकी है नियुक्ति
राज्यसभा की दो सीट के लिए होने वाले चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के सचिव दिनेश शर्मा को चुनाव अधिकारी और अवर सचिव दिनेश त्रिवेदी को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।
छत्तीसगढ़ के राज्यसभा सदस्य
रामविचार नेताम भाजपा 30 जून 2016 29 जून 2022
छाया वर्मा कांग्रेस 30 जून 2016 29 जून 2022
सरोज पांडेय भाजपा 03 अप्रैल 2018 2 अप्रैल 2024
केटीएस तुलसी कांग्रेस 10 अप्रैल 2020 09 अप्रैल 2026
फूलोदेवी नेताम कांग्रेस 10 अप्रैल 2014 09 अप्रैल 2026