राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने बड़ी जीत हासिल की है. मुर्मू का मुकाबला विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा से था, जिन पर उन्होंने बढ़त बना ली है. इसके बाद द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई देने वालों का तांता लग गया. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है. सीएम ने ट्वीट कर कहा, “द्रौपदी मुर्मू को भारत का राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.” नीतीश कुमार के अवाला बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने की बधाई दी है.
तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा, “द्रौपदी मुर्मू को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.” हालांकि, तेजस्वी अपने इस बधाई संदेश के बाद ट्रोल हो रहे हैं. आरजेडी नेता के ट्वीट पर अब लोग कमेंट पर तंज कस रहे हैं. गोपाल सनातनी नाम के एक यूजर ने लिखा, “तेजस्वी यादव ने द्रौपदी मुर्मू को ‘मूर्ति’ बताया था. हमने कभी उन्हें बोलते नहीं सुना. आज ध्यान से सुन लेना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बोलेगी.” वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, “कैसा लग रहा है..? बिना वोट दिए शुभकामनाएं देना पड़ रहा है वो भी एक मूर्ति (आपके कहे अनुसार) को. एकदम बेशर्मी की हदें पार कर दिए
तेजस्वी यादव ने राष्ट्रपति चुनाव से पहले द्रौपदी मुर्मू को कहा था ‘मूर्ति’
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने राष्ट्रपति चुनाव से पहले द्रौपदी मुर्मू को ‘मूर्ति’ बताया था. एनडीए उम्मीदवार पर तंज कसते हुए आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि हमने कभी उन्हें बोलते हुए नहीं सुना है और मुझे नहीं लगता है कि आप लोगों ने भी सुना होगा. यशवंत सिन्हा को तो आप सब ने हर जगह बोलते हुए सुना है, लेकिन जो सत्ता पक्ष से एनडीए की उम्मीदवार बनाई गई हैं, वो जब से उम्मीदवार बनी हैं, उन्होंने एक भी प्रेस वार्ता नहीं किया है. तेजस्वी के इस बयान के बाद बीजेपी ने उनकी जमकर आलोचना की थी. वहीं, चुनाव के नतीजे आने के बाद यूजर्स उन्हें ट्रोल कर रहे हैं.