छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नाबालिग लड़के ने मौका मिलते हीे पैसों से भरा बैग पार कर दिया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब उसने बताया है कि चुराए हुए कुछ पैसों को उसने खा-पीकर खर्च भी कर दिया। वहीं उन्हीं पैसों से उसने एक मोबाइल भी खरीद लिया है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।
बताया गया है कि 08 जून को खरसिया के तुर्रीभाठा बाईपास रोड पर एक पिकअप को ड्राइवर ने खड़ा कर दिया और किसी काम से पास की दुकान में गया था। ड्राइवर मनोज क्षत्री ने बताया कि दुकान से वापस लौटा तो पिकअप में रखा पैसों से भरा बैग नहीं था। उसने काफी तलाश किया। मगर कुछ पता नहीं चला। घटना के 6 दिन बाद उसने पूरे मामले की शिकायत मंगलवार को पुलिस से की थी।
कुछ दिनों से खूब खर्च कर रहा था आरोपी
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि खरसिया इलाके में अटल आवास में रहना वाला एक नाबालिग इन दिनों काफी पैसे खर्च कर रहा है। जबकि वह कोई कम भी नहीं करता है। इसी आधार पर पुलिस ने उसे नाबालिग को हिरासत में लिया था। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उस नाबालिग ने स्वीकार कर लिया कि उसने पिकअप वाहन से पैसों से भरा बैग चुराया था।
कंबल और कपड़े भी चुराए थे
आरोपी ने बताया कि बैग के अंदर कुल 78 हजार रुपए थे। इसके अलावा उसने एक कंबल और कपड़े भी चुरा लिया था। आरोपी ने कहा कि चोरी किए गए पैसों में 10 हजार रुपए उसने खा-पीकर खर्च कर दिए हैं। बाकी के पैसों से उसने एक मोबाइल खरीदा है। अब उसके पास केवल 59 हजार रुपए बचे हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से बचे हुए 59 हजार रुपए जब्त कर लिए हैं और उसे किशोर न्याय के बोर्ड पेश किया गया है।