छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने 6766 नशीली टेबलेट के साथ 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि ये दोनों युवक नशीली दवाइयों को बचेली शहर में खपाने जा रहे थे। लेकिन, इससे पहले ही पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के दौरान तस्कर को पकड़ लिया। पुलिस ने प्रेस वार्ता लेकर मामले का खुलासा किया है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामला कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 14 जून को कुआकोंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकपोस्ट लगाया था। जिसके बाद लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस बीच एक युवक स्कूटी में सवार होकर कुआकोंडा से बचेली की ओर जा रहा था। जिसे पुलिस ने रुकवाया और पूछताछ की। युवक ने अपना नाम तिलक नाग (19) बताया। स्कूटी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने इसके पास से 6766 नशीली टेबलेट बरामद की। जिसके बाद युवक को हिरासत में ले लिया गया था।

6766 नशीली टेबलेट।
पूछताछ में तिलक ने बताया कि, बचेली का रहने वाला शुभम अग्रवाल (25) ने ओडिशा से टेबलेट मंगवाए। जिसे लेकर वह बचेली जा रहा था। नशीली टेबलेट को बचेली शहर में ही खपत करने वाले थे। इसके पीछे किन-किन और लोगों का हाथ है? पुलिस की तरफ से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है। दंतेवाड़ा के ASP योगेश पटेल ने बताया कि, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।