राजनांदगांव. जिले के बार्डर एरिया महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे बालाघाट जिले के बहेला थाना क्षेत्र में बड़ी मुठभेड़ हुई है। यह क्षेत्र राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ और गंडई-साल्हेवारा का जंगल इससे लगा हुआ है। पुलिस व नक्सलियों की आमने-सामने मुठभेड़ हुई है।
मुठभेड़ के बाबत मिली जानकारी के अनुसार पड़ोसी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित लांजी क्षेत्र से 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत खांडापाडी के आश्रित ग्राम कंदला के जंगल में पुलिस व नक्सली आमने-सामने आ गए। नक्सलियों को बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि पुलिस को उनके जमावड़े की जानकारी मिल चुकी है और नक्सलसी घेरे जा चुके हैं। पुलिस को सामने देख नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पहले से तैयार जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब देते हुए विस्तार दलम प्लाटून 56 व दड़ेकसा दलम के 3 हार्डकोर नक्सलियों को मौत के घाट उतार दिया। साथियों की मौत होते देख नक्सली भाग खड़े हुए। पुलिस ने घटनास्थल से तीन नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ और गंडई-साल्हेवारा का जंगल इससे लगा हुआ है।
बालाघाट में पुलिस मुठभेड़ में तीन साथियों के ढेर होने के बाद शेष नक्सलियों के भी मरने की नौबत आई तो ऐसे में वे साथियों के शव को छोड़कर अपनी जान बचाने के वास्ते जंगल के रास्ते भाग खड़े हुए। घटना के बाद पुलिस लगातार अभी भी जंगल की सर्चिंग कर रही है कि शायद नक्सली कहीं छुपे हुए हों। गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित बालाघाट के कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पुलिस की कम नक्सलियों की अधिक चलती है लेकिन इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि इलाके में तो पुलिस का ही कानून चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, जवानों को अवार्ड देंगे
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जान पर खेलकर नक्सलियों को मार गिराने वाले आज के ऑपरेशन में लगे पुलिसकर्मियों, हाक फोर्स के जवानों को ऑउट ऑफ टर्न प्रमोशन और गैलेंट्री अवार्ड दिए जाएंगे। वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी आपरेशन में लगे सभी जवानों को बधाई दी है।
मध्यप्रदेश के नक्सली प्रभावित इलाकों से पूरी तरह से नक्सलियों का सफाया किया जा चुका है लेकिन पिछले कुछ महीनों से बालाघाट के लांजी में नक्सली मूवमेंट की खबर पुलिस को मिल रही थी, इस क्षेत्र में नक्सली मूवमेंट पहले के मुकाबले काफी हद तक बढ़ा है। लांजी अति नक्सल प्रभावित इलाका है। लांजी से 15 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खांडापाडी के ग्राम कंदला के जंगल में मुठभेड़ हुई है। पुलिस एनकाउंटर में विस्तार दलम प्लाटून 56 और दड़ेकसा दलम के यह तीन नक्सली ढेर हुए हैं। पुलिस ने इनके पास से AK-47 बंदूकें बरामद की हैं। वही मौके से कुछ नक्सलियों के भागने की खबर है, वही हॉकफोर्स फिलहाल मौके पर मोर्चा संभाले हुए है।