राजनांदगांव (नईदुनिया प्रतिनिधि)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार को जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे कुल छह घंटे यहां रहेंगे। इस दौरान उनका व्यस्त कार्यक्रम है। मंत्री न केवल अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा करेंगे, बल्कि मौके पर जाकर काम का हाल भी देखेंगे। हालांकि सिंधिया के दौरे में कटौती हो गई है। पहले वे जिले में नौ घंटे बिताने वाले थे। उधर केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है।
विभिन्ना योजनाओं की करेंगे समीक्षा
तय कार्यक्रम के अनुसार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सुबह नौ बजे विश्राम गृह से सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान कर सुबह 9.15 बजे बीपीओ सेंटर टेड़ेसरा पहुंचेंगे। बीपीओ सेंटर में अधिकारियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सेंटर का भ्रमण करेगें। सिंधिया सुबह 9.40 बजे बीपीओ सेंटर टेड़ेसरा से सड़क मार्ग द्वारा प्रस्थान कर सुबह 9.55 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे।
वहां वे जिला स्तरीय अधिकारियों से चर्चा एवं विभिन्ना योजनाओं की समीक्षा करेंगे। सुबह 11 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय में स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधियों से शासकीय योजनाओं में योगदान से संबंधित बैठक एवं चर्चा करेंगे। सिंधिया दोपहर 12 बजे जिला कार्यालय में प्रेस कांफेंस लेंगे। दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक का समय आरक्षित है।
उसके बाद सिंधिया दोपहर 2.30 बजे विश्राम गृह पहुंचकर जनप्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों से चर्चा करेंगे। दोपहर तीन बजे विश्राम गृह से सड़क मार्ग द्वारा रायपुर विमानतल के लिए प्रस्थान करेंगे। रायपुर विमानतल से संध्या 5.40 बजे वायु मार्ग द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।
तीन घंटे की हुई कटौती
केंद्रीय मंत्री का जो दौरा कार्यक्रम जारी हुआ था, उसमें सुबह नौ से शाम छह बजे तक का शेड्यूल बना था। इसके लिए बकायदा प्रोटोकाल भी जारी हुआ था। एक दिन पहले इसमें आंशिक बदलाव किया गया है। सिंधिया अब दोपहर तीन बजे ही यहां से रायपुर रवाना हो जाएंगे। कतौती के बाद स्थानीय भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात तय कार्यक्रम में शामिल नहीं है। इसके अलावा बाकी कार्यक्रमों के समय में भी कटौती की गई है।