राजनांदगांव देश में कोरोना का नया सब वेरिएंट जेएन-1 मिलने के बाद जिले के स्वास्थ्य अमले को भी अलर्ट किया गया है। देश में अब तक 21 केस सामने आ चुके हैं जिसमें पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में भी एक केस सामने आया है। प्रदेश स्तर से मिले निर्देश के बाद स्वास्थ्य अमले ने अस्पतालों में तैयारी शुरू कर दी है। जिले में रोज 100 लोगों की आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। मेडिकल कॉलेज के 300 बेड के कोविड वार्ड को तैयार किया रहा है। वहीं अन्य अस्पतालों में जांच की सुविधा रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार शुरू में केवल लक्षण वालों की जांच होगी। संक्रमितों का मेडिकल कॉलेज में 300 बेड वाले कोविड वार्ड में इलाज किया जाएगा। इसके अलावा एमसीएच एवं जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट की भी टेस्टिंग की गई। प्रदेश स्तर से निर्देश जारी कर सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में पर्याप्त दवा और इलाज उपलब्ध कराने निर्देश दिए गए है। मेडिकल उपकरण एवं मशीनों को दुरुस्त करने कहा गया है। संक्रमित मरीजों का सैंपल लेकर उसे रायपुर भेजा जाएगा वहां भी जांच होगी। एमसीएच और जिला अस्पताल में जांच की सुविधा रहेगी। जरूरत पड़ी तो स्वास्थ्य अमला ग्रामीण इलाकों में मोबाइल यूनिट वैन से पहुंच कर जांच करेगा।