लोगों की समस्या, मांगों और शिकायतों को सुनने के लिए शहर सरकार खुद वार्डों में पहुंचेगी। जहां शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम पहले जून से वार्डों में जन चौपाल लगाने जा रही है।
जन चौपाल लगाकर वार्डों में लोगों की समस्या और मांग सुनी जाएगी। इसका त्वरित निराकरण भी अफसर मौके पर ही करेंगे। जिन प्रकरणों का निराकरण त्वरित नहीं हो पाएगा, इसके लिए समय निर्धारित किया जाएगा। यह प्रयास नगर निगम क्षेत्र के हर व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्या, मांग और जरूरतों को समझने के लिए किया जा रहा है। गुरुवार को महापौर हेमा देशमुख और आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने जन चौपाल की तैयारियों को लेकर बैठक की। इसमें जन चौपाल को लेकर खाका तैयार किया गया। 1 जून से शुरू होने वाले इस जन चौपाल में हर दिन अधिकतम तीन वार्ड को कवर करने का प्रयास किया जा रहा है। दो से तीन वार्डों के बीच में इस जन चौपाल का आयोजन किया जाएगा।
वार्डों में दो घंटे समय देंगे अफसर, भवनों में चौपाल
महापौर हेमा देशमुख ने कि बताया कि शहर के नागरिकों की समस्या का समाधान करने व उन्हें मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। जन चौपाल की शुरुआत वार्ड नं. 1 व 2 से किया जाएगा। दोनों वार्ड के बीच सामुदायिक भवन या स्कूल में चौपाल लगाई जाएगी, जिसमें नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक मौजूद रहकर लोगों की समस्या और मांगे सुनेंगे। जन चौपाल के लिए एक दिन में दो से तीन वार्ड चयनित किए जाएंगे।
अफसरों को दी जिम्मेदारी लापरवाही पर कार्रवाई
आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि जन चौपाल के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जा रही है। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि सभी अपने अपने विभाग से संबंधित समस्याओं से अवगत होकर निराकरण करेंगे। जन चौपाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान किसी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई भी तय की जाएगी। नगर निगम में हुई बैठक में जन चौपाल के सभी पहलूओं पर चर्चा कर ली गई है।
इन समस्याओं का होगा निराकरण, मांगें भी लेंगे
महापौर देशमुख ने बताया कि जन चौपाल में राशन कार्ड, निराश्रित पेंशन, जन्म-मृत्यु,विवाह, जाति प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास, साफ-सफाई, विद्युत, पानी की समस्या एवं भवन अनुज्ञा के प्रकरणों का समाधान किया जाएगा। वार्ड में अतिक्रमण, निर्माण कार्य संबंधी समस्या के लिए आवेदन लेकर अतिशीघ्र निराकरण किया जाएगा। वहीं जन चौपाल में सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर व दुकान किराया भी जमा किया जा सकेगा।