रायपुर। निम्न क्वालिटी के आयल की सप्लाई कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने यज्ञ नारायण शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। खम्हारडीह थाने में रथनाम देवांगन ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। प्रार्थी आयल एवं लुबरीकेंट खरीदी बिक्री काम करता है। आरोपित यज्ञ नारायण शर्मा से करीब दो-तीन वर्ष से परिचय था।दोनों आयल की एक ही कंपनी में काम करते थे। आरोपित ने खुद का फर्म बनाकर जी-ट्रेक कंपनी का लुबरीकेंट आयल सप्लाई करने की बात कही। रथनाम देवांगन ने झांसे मे आकर जी-ट्रेक आयल खरीदी की रकम 14 लाख 50 हजार रुपये उसके खाते में डाल दिए।यज्ञ नारायण शर्मा द्वारा जी-ट्रेक कंपनी का आयल सप्लाई किया। उसके द्वारा पूर्व में सैंपल के तौर पर दिखाए गए आयल से निम्न क्वालिटी का होना प्रतीत हुआ। प्रार्थी ने यज्ञ नारायण को फोन पर यह बात बताई और आयल वापस ले जाने व पैसे वापस करने की बात की, लेकिन यज्ञ ने न तो अच्छी क्वालिटी का आयल सप्लाई किया और न ही पैसे वापस किए।
बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर से लाखों की धोखाधड़ी
बिल्डिंग मेटेरियल सप्लायर से लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपित हिरेंद्र साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेडर्स का काम करने वाले रामाधार साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि हिरेंद्र साहू ने फर्जीवाड़ा कर नौ लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। रामाधार साहू बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का काम करते हैं।
हिरेंद्र साहू उनकी दुकान में कभी-कभी आकर बैठते थे। दुकानदार के न होने पर फर्जीवाड़ा कर उरला इंडस्ट्री से अपने मकान निर्माण के लिए फर्जी तरीके से दुकान के नाम पर चार लाख 57 हजार 321 रुपये का लोहा सरिया मंगा लिया। कुछ सरिया अपने मकान निर्माण में लगा लिया और शेष माल बिक्री कर दिया।इसी तरह हिरेंद्र साहू ने राजिम में अपने नाम से ट्रेडर्स खोला था। रामाधार की दुकान से पांच लाख 13 हजार रुपये का सीमेंट, रेत, गिट्टी उधारी में ले गया और बिक्री कर पैसे नहीं दिए। हिरेंद्र द्वारा कुल नौ लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।