राजनांदगांव। खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव में लगे मतदान दलों की सकुशल वापसी हो गई है। देर रात तक दलों वापसी होती रही। ईवीएम को कमला कालेज भवन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षा बलों की निगरानी में रखा गया है। तीसरे दिन यानी शनिवार को ईवीएम की साल के साथ ही प्रत्याशियों के भाग्य का ताला भी खुल जाएगा।
उपचुनाव के लिए 77.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। स्ट्रांग रूम में ईवीएम तीन दिनों तक रहेगी। 16 अप्रैल को सुबह से बीज निगम के गोदाम में मतगणना कराई जाएगी। इसके लिए गुरुवार को दूसरे व शुक्रवार को तीसरे चरण का मतगणना का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मतगणना सुबह सात बजे शुरू होगी।
मतगणना कृषि उपज मंडी परिसर में स्थित राज्य बीज निगम के गोदाम में की जाएगी। इसके लिए तैयारी शुरू हो चुकी है। बेरीकेटिंग कराई जा रही है। साथ ही अन्य व्यवस्था व सुविधाएं भी वहां जुटाई जा रही है। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए वहां हवा, छांव व पानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने कहा गया है।
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए अब मतगणना की तैयारी शुरू कर दी गई है। राज्य बीज निगम के गोदाम में व्यवस्था बनाई जा रही है। मतों की गिनती के लिए कुल 14 टेबल लगाए जाएंगे। इतनी ही ईवीएम को हर चक्र के बाद कमला कालेज में बने स्ट्रांग रूम से लाई जाएंगी। मतगणना की शुरुआत डाकमतों की गिनती से होगी। यह सुबह सात बजे शुरू किया जाएगा। इसके आधे घंटे बाद ईवीएम से मतो की गिनती शुरू कराई जाएगी।
ये हैं प्रत्याशी
– कोमल जंघेल भाजपा
-नरेंद्र सोनी जकांछ (जे)
-यशोदा निलांबर वर्मा कांग्रेस
– चुरण साहू (विप्लव) एफडीएलपी
-ढालचंद साहू आंबेडकराईट पार्टी आफ इंडिया
– मोहन भारती राजपा
-संतोषी प्रधान गांगपा
-अरूणा बनाफर निर्दलीय
-नितिन कुमार भांडेकर निर्दलीय
– साधूराम धुर्वे निर्दलीय
तैयारी शुरू हो गई
मतगणना स्थल पर तैयारी शुरू करा दी गई है। सभी प्रत्याशियों को उस दिन के लिए गणना अभिकर्ता के रूप में रखने जाने वाले लोगों की जानकारी भी मांगी गई है। कुल 14 टेबल लगाए जाएंगे।लोकेश चंद्राकर, निर्वाचन अधिकारी