छत्तीसगढ़ के कोरबा में बीजेपी नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी ओपी चौधरी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराया गया है. कोरबा में कोल इंडिया की एक खदान में कोयला चोरी के संबंध में सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियो प्रसारित करने के आरोप में बीजेपी नेता और पूर्व आईएएस अधिकारी ओपी चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.
जानें क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस नेता मधुसूदन दास की शिकायत पर शनिवार को चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. जानकारी के मुताबिक ओपी चौधरी ने 17 मई को एक वीडियो ट्वीट किया था जिसमें कई लोगों को कुल्हाड़ियों से खुली खदान खोदते और बोरियों में कोयला इकट्ठा करते देखा गया था.
यह आरोप लगाते हुए कि वीडियो कोरबा जिले में कोल इंडिया की गेवरा खदान का है, ओपी चौधरी ने एक ट्वीट में लिखा, “यह संगठित माफिया राज का खुला कृत्य है. हजारों मजदूर खुलेआम कोयला चोरी में लगे हुए हैं. छत्तीसगढ़ में सब कुछ कल्पना से परे पहुंच गया है.”
इस वीडियो के सोशल मीडिया पर आने के बाद कांग्रेस नेता मधुसूदन दास की शिकायत पर ओपी चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है.