डॉ. रमन का भूपेश पर हमला, कहा- आपके सारे काम सही तो ED-IT से डरने की क्या जरूरत

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बड़ी मुश्किल है। दिल्ली ईडी-ईडी कर रहा है। छत्तीसगढ़ ईडी-ईडी कर रहा है। यदि आप पाक साफ हैं। आपके सारे काम सही हैं तो ईडी और सीबीआई से डरने की जरूरत नहीं है। क्यों बार-बार सोनिया गांधी- राहुल गांधी को बचाने झंडा लेकर प्रदर्शन करते हैं। छत्तीसगढ़ में ईडी किसी राजनीतिज्ञ के घर नहीं जा रही है। ईडी का इनफॉर्मेशन बेस्ड ऑपरेशन चल रहा है। रमन ने कहा कि कांग्रेस का प्रदर्शन सिर्फ राजनीतिक मुद्दे से होता है।
डॉ. रमन ने कहा कि कांग्रेस के सभी प्रदर्शन इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि ईडी सोनिया गांधी, राहुल गांधी तक पहुंच गई है। गड़बड़ी सामने आई है तो जवाब देना ही होगा। भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. रमन ने कहा कि इस सरकार में पैसा देकर आप सब कुछ वैध करा करा सकते हो। सूपेबेड़ा मामले पर उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार पूरे मामले में असफल रही है। सूपेबेड़ा में शुद्ध पेयजल के लिए 12 करोड़ की योजना आज तक शुरू नहीं हो पाई। बजट में प्रावधान होने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। यह निकम्मी सरकार है। सिर्फ झूठे वादे कर रही है।
सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी (सीएमआईई) की रिपोर्ट पर डॉ. रमन ने कहा कि प्राइवेट ऑर्गेनाइजेशन के द्वारा फाल्स आंकड़े जारी किए गए हैं। प्रदेश में आज तक न पुलिस भर्ती हुई। न शिक्षक भर्ती, न ही कर्मचारी और न पीएससी में भर्ती हुआ है। यह सरकार दो ही काम कर रही है। सबको दारू बेचने के लिए घर पहुंच सेवा कर रहे। गोबर बीनने और गोबर थोपने का काम हो रहा है। और क्या रोजगार दिया है। भूपेश बघेल एक भी रोजगार बताएं। रमन ने कहा कि भूपेश बघेल श्वेतपत्र जारी करें कि मैंने रोजगार दिया है। विधानसभा में उन्होंने स्वीकार किया कि 19,690 लोगों को रोजगार दिया। सिर्फ झूठे आंकड़े देकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। भूपेश की पीठ उसके कांग्रेस के लोग थपथपा रहे हैं। प्रदेश में जनता त्राहि-त्राहि कर रही है
सरकारी कर्मचारियों के प्रदर्शन पर डॉ. रमन ने कहा कि 5 लाख सरकारी कर्मचारियों को डीए नहीं दे रहे हैं। 14 प्रतिशत से अधिक का अंतर हो गया है। अधिकारी-कर्मचारी केंद्र सरकार के बराबर 34 प्रतिशत डीए की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों की इन्हें चिंता नहीं है। देश में बाकी सरकारों की सरकार ने डीए बढ़ा दिया है और यह अभी तक 22 प्रतिशत में ही अटके हैं। कर्मचारियों की मांगों को अनदेखी हो रही है। गरीबों के आवास की चिंता नहीं है। यह सिर्फ राजनीति के लिए नारेबाजी और प्रदर्शन करते हैं। सरकार इनके हाथ में हैं। महंगाई सहित छोटे-मोटे मुद्दों पर काम कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी द्वारा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को झंडा भेजने और पीएम मोदी के हर-घर तिरंगा पर डॉ. रमन ने कहा कि झंडा भारत की शान है। आजादी का प्रतीक है। हम सब मिलक झंडा फहरा रहे हैं। झंडा को लेकर किसी तरह के विवाद की जरूरत नहीं है। 15 अगस्त को वो भी फहराए, हम भी फहराए, पूरा देश फहराए…। जाति, पंथ, समाज, सीमा से हटकर सभी को ध्वजारोहण में हिस्सा लेना चाहिए। प्रभातफेरी में जाना चाहिए। वंदे मातरम बोलना चाहिए। इसमें छोटी मानसिकता लेकर काम क्यों कर रहे हैं? आजादी के 75वें वर्ष में अमृत महोत्सव मना रहे हैं। खुशी से मनाएं। इसमें तेरा और मेरा क्या है? ज्यादा झंडा आप लगाओ…। यह सभी राजनीतिक दल का काम है। प्रधानमंत्री के आह्वान के साथ आज पूरा देश खड़ा है।
संगठन में बदलाव अध्यक्ष का विशेषाधिकार
प्रदेश भाजपा संगठन में बदलाव को लेकर डा. रमन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का विशेषाधिकार होता है। पार्टी से जुड़े सारे फैसले संगठन के लोग लेते हैं। अगर फैसला लेना हुआ, तो संगठन ही फैसला लेगा। दरसअल, पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा हो रही है कि भाजपा प्रदेश संगठन में शीर्ष नेतृत्व में बदलाव होगा।
सरकार बेरोजगारी के झूठे आंकड़े करा रही जारी
कांग्रेस निजी संस्था से झूठे आंकड़े जारी करवा रही है। रोजगार के नाम पर युवाओं को ठग रहे हैं। सबको घर पहुंच सेवा दारू पहुंचाने का काम कर रहे हैं। एक भी रोजगार जारी किया है तो उस पर श्वेत पत्र जारी करें। मगर सिर्फ झूठे आंकड़े लेकर अपनी पीठ थपथपा रही है।





