राजनांदगांव, 17 अगस्त 2025 — चौकी चिखली पुलिस ने कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक आदतन बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा धमका रहा था। आरोपी के कब्जे से धारदार लोहे का चाकू एवं घटना में प्रयुक्त सफेद रंग का एक्टिवा वाहन (क्रमांक MH 10 DR 4644) जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अगस्त 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि काई तालाब, काली मंदिर के पास, मोतीपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति एक्टिवा वाहन पर सवार होकर चाकू लहरा रहा है और राहगीरों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रवीण बोम्बाडे, पिता नील कमल, उम्र 21 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान गली के पास, वार्ड नंबर 08, चौकी चिखली, जिला राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ, साथ ही घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत वैधानिक कार्यवाही कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी मारपीट के मामले दर्ज हैं।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक के दिशा-निर्देशन में यह कार्यवाही की गई। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इस कार्यवाही में निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव, सउनि इब्राहिम खान, प्र.आर. समारूराम सर्पा, म.प्र.आर. अरविंद साहू, आर. मनोज जैन, सुनील बैरागी, मिर्जा असलम बेग, नागेश्वर साहू, जयराम निषाद एवं चौकी चिखली स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका एवं सराहनीय योगदान रहा।
यह भी पढे : राजनांदगांव: अस्पताल परिसर में मिला अज्ञात युवक का शव