कांकेर जिले में मूसलाधार बारिश की वजह से एक घर की दीवार ढहने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर जिले के पखांजूर तहसील के ग्राम पंचायत विकास पल्ली के ग्राम पी.व्ही.-110 में अनवरत बारिश से दीवार ढहने से परिमल मलिक एवं उसकी पत्नी और तीन बच्चों की मृत्यु की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन कांकेर को पीड़ित परिवार के परिजनों को आरबीसी 6-4 के तहत तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।
जानकारी के अनुसार घर में रात को सो रहे परिमाल मल्लिक के परिवार के ऊपर घर के दीवार गिर जाने से परिमाल मल्लिक उनकी पत्नी एवं तीन बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना रात लगभग 12 बजे की है। कमरे में खटिया पर सो रहे परिवार के सभी सदस्यों के ऊपर मिट्टी की दीवार गिर गई, जिससे सभी पांचों सदस्यों की मौत हो गई।