धमधा। दुर्ग जिले में धमधा ब्लाक मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर ग्राम रौंदा में लकड़बग्घों ने 11 बकरियों को मार डाला। लकड़बग्घों ने रात में एक घर में हमला किया जहां 21 बकरियां बाड़े में थी।
यह घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात की बताई जाती है।
धमधा पुलिस के अुनसार बकरी पालन करने वाले सावत निषाद के घर में करीब पांच फीट उंची दीवार फांदकर लकड़बग्घे पहुंचे थे। इसके बाद भीतर बाड़े में बकरियों पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि उक्त निषाद परिवार वर्तमान में घर के एक हिस्से में ही पक्का मकान बनवा रहा है।
इस वजह से पूरा परिवार पास ही स्थित एक सामाजिक भवन में रह रहा है। रात में बकरियों की तेज आवाज सुनने के बाद परिवार व आसपास के लोग पहुंचे तब तक लकड़बग्घे गायब हो गए थे।
उनके पैरों के निशान से ही उनके लकड़बग्घा होने की बात ग्रामीण कह रहे हैं परन्तु उन्हें किसी ने देखा नहीं है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में पुलिस व वन विभाग की टीम सर्चिंग कर रही है। इधर गांव में दहशत की स्थिति है।