राजनांदगांव. मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना की दुकानों के आबंटन को लेकर नाराज छुरिया नगर पंचायत उपाध्यक्ष सलमान खान ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उपाध्यक्ष के इस्तीफा के बाद भाजपा पार्षद दल कांग्रेस के साथ मिलकर उसके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी में है। उपाध्यक्ष खान के रुख ने भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत आबंटित दुकानों में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर उपाध्यक्ष खान सत्तारुढ़ कांग्रेस के खिलाफ मुखर थे। नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी सिन्हा पर सलमान खान ने कई तरह के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि योजना के तहत दुकानों के आबंटन में बंदरबाट किया गया है। वहीं सत्तारुढ़ कांग्रेस के अलावा विपक्षी पार्षदों पर भी सलमान खान ने सवाल उठाकर पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
अविश्वास प्रस्ताव के लिए प्रशासन से मांगा गया समय
इधर इस्तीफा दे चुके सलमान के विरुद्ध भाजपा पार्षदों द्वारा कांग्रेस पार्षदों के साथ मिलकर अविश्वास प्रस्ताव लाना भी एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। राजनीतिक रुप से दोनों दल के पार्षदों ने उपाध्यक्ष खान के कार्यप्रणाली को लेकर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है। अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए प्रशासन से पार्षदों ने एक निश्चित तारिख की मांग की है। माना जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने के पहले उपाध्यक्ष ने भाजपा से ही इस्तीफा दे दिया है। अब भाजपा पार्षद परेशानी में पड़ गए हैं। अविश्वास प्रस्ताव की खबर के बाद जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने पार्षदों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन पार्षद अपने फैसले पर अडिग है। बताया जा रहा है कि जिला अध्यक्ष ने मंडल अध्यक्ष रविन्द्र वैष्णव को पार्षदों को शोकॉज नोटिस जारी करने का आदेश जारी किया है। हालाकि पार्षदों को अब तक नोटिस जारी नहीं हुआ है।