Ganesh Chaturthi 2025: दिल्ली के 5 सबसे मशहूर गणपति मंदिर और पंडाल

अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं और त्योहारों की असली रौनक का मज़ा लेना चाहते हैं, तो इस बार की गणेश चतुर्थी आपके लिए परफेक्ट मौका है। 27 अगस्त से शुरू होकर 10 दिन चलने वाला ये पर्व दिल्ली की गलियों को रोशनी, भक्ति और उत्सव के रंगों से भर देगा।
इन दिनों राजधानी के मंदिरों और पंडालों में बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित होती हैं और 11वें दिन शोभायात्रा के साथ उनका विसर्जन होता है। ढोल-नगाड़े, रोशनी और भक्तों की भीड़ दिल्ली को एक मिनी मुंबई बना देते हैं।
तो चलिए जानते हैं दिल्ली के उन खास गणपति स्थलों के बारे में, जहां इस बार का त्योहार आपके लिए यादगार अनुभव बन सकता है।
1. श्री गणेश मंदिर, राजीव चौक (Connaught Place)
कनॉट प्लेस का नाम वैसे तो शॉपिंग और कैफे के लिए मशहूर है, लेकिन गणेश चतुर्थी पर यहां का नजारा ही अलग होता है। पंडालों की भव्य सजावट और भक्तों की भीड़ देखने लायक होती है।
खड़क सिंह मार्ग पर स्थित इस मंदिर में न सिर्फ दिल्ली, बल्कि नोएडा और गुड़गांव से भी लोग बड़ी संख्या में आते हैं। यमुना नदी में विसर्जन से पहले ढोल की थाप पर भक्त झूमते हुए बप्पा को विदाई देते हैं।
2. श्री शुभ सिद्धि विनायक मंदिर, मयूर विहार
दिल्ली का यह सबसे पुराना गणेश मंदिर माना जाता है। मयूर विहार फेज-1 के पॉकेट 4 में स्थित यह मंदिर अपनी दक्षिण भारतीय (चोल शैली) वास्तुकला के लिए मशहूर है।
गणेश चतुर्थी पर यहां 10 दिनों तक पूजा-पाठ, भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम होते हैं। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना हर मनोकामना पूरी करती है।
3. श्री गणेश मंदिर, अजमेरी गेट
यह प्राचीन मंदिर आस्था और इतिहास का अनोखा संगम है। माना जाता है कि यहां की गणेश प्रतिमा बेहद प्राचीन है और ब्रह्मा जी ने पुष्कर यज्ञ से पहले भगवान गणेश का आह्वान यहीं किया था।
गणेश चतुर्थी पर यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, और पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन जाता है।
4. लालबागचा राजा पंडाल, करोल बाग
अगर आप मुंबई के लालबागचा राजा की झलक दिल्ली में देखना चाहते हैं, तो करोल बाग ज़रूर जाएं। यहां हर साल इसका भव्य पंडाल सजता है।
सजावट इतनी शानदार होती है कि लोग दूर-दराज़ से सिर्फ दर्शन के लिए आते हैं। विसर्जन के दिन का नजारा सबसे खास होता है, जब हजारों भक्त ढोल-नगाड़ों और नृत्य के साथ बप्पा को विदा करते हैं।
5. श्री सिद्धिविनायक मंदिर, द्वारका
द्वारका सेक्टर-12 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित यह सिद्धिविनायक मंदिर भी गणेश चतुर्थी पर बेहद आकर्षक हो जाता है। यहां की भव्य प्रतिमा और खास सजावट भक्तों को मंत्रमुग्ध कर देती है।
अगर आप इस त्योहार पर शांतिपूर्ण लेकिन भक्ति से भरपूर दर्शन करना चाहते हैं, तो यह मंदिर आपके लिए बेस्ट जगह है।






