दिल्ली में बारिश फिर से तेज, यूपी-बिहार-पंजाब में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा, जानिए ताज़ा मौसम अपडेट

Delhi Weather Today: दिल्ली का मौसम इन दिनों बड़ी तेजी से बदल रहा है। अब एक बार फिर राजधानी में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को हल्की बारिश और गरज की संभावना है, जबकि गुरुवार से तेज बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या सुबह के समय कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहेगा, लेकिन बीच-बीच में उमस भरी गर्मी भी महसूस होगी।
यूपी में बारिश से राहत के साथ बाढ़ का खतरा भी
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने उमस तो कम की है, लेकिन इसके कारण बाढ़ का खतरा भी बढ़ गया है। लखनऊ समेत कई जिलों में अधिक बारिश के कारण जलभराव होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, मेरठ, शामली और सहारनपुर में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। वहीं आगरा, अलीगढ़ और मथुरा में भी तेज बारिश की संभावना है।
बिहार में मानसून ने दी दस्तक, छिटपुट बारिश जारी
बिहार में मानसून का असर धीरे-धीरे दिखने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राजधानी पटना और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, यात्रा पर रोक
उत्तराखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश ने हालात को गंभीर बना दिया है। बद्रीनाथ हाईवे पर भूस्खलन और बोल्डर गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। चमोली में भूस्खलन के कारण कई हाईवे बंद हो गए हैं। इस वजह से प्रशासन ने बद्रीनाथ, हेमकुंड साहिब और केदारनाथ यात्राएं 14 अगस्त तक स्थगित कर दी हैं। यमुनोत्री धाम का पैदल मार्ग भी अभी तक सुरक्षित नहीं है।
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल समेत कई इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य इलाकों में ऑरेंज अलर्ट है। अगले दो दिन भारी बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर में मूसलाधार बारिश, भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। राजौरी में भूस्खलन से सड़कें बंद हो गईं और बिजली के तार टूट गए। कई मकान भी बारिश से क्षतिग्रस्त हुए हैं। राजौरी-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा गिरने से यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन मार्गों को जल्द साफ कर दिया गया।
पंजाब में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा, कई गांव जलमग्न
पंजाब में भी भारी बारिश के कारण कपूरथला जिले के कई गांव ब्यास नदी के पानी में डूब गए हैं। तरनतारन जिले में भी फसलें पानी में डूब गई हैं क्योंकि हरिके हैडवर्क्स से पानी छोड़ा जा रहा है। फिरोजपुर में भी बाढ़ के हालात बन गए हैं। पहाड़ी राज्यों में भी लगातार बारिश जारी है, जिससे पौंग डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।






