TikTok India Update: 5 साल बाद फिर हुआ एक्सेस, सरकार ने बैन हटाने की खबरों

पांच साल पहले भारत में बैन किया गया चीनी वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म TikTok एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि वे टिकटॉक की आधिकारिक वेबसाइट एक्सेस कर पा रहे हैं। इतना ही नहीं, AliExpress और Shein जैसी चीनी साइट्स का वेबपेज भी भारत में खुल रहा है।
हालांकि, गूगल प्ले स्टोर और ऐपल ऐप स्टोर पर TikTok और AliExpress का ऐप अभी भी उपलब्ध नहीं है। इसका मतलब है कि ये ऐप्स अब भी भारत में ब्लॉक्ड ही हैं। वहीं, Shein का ऐप कुछ यूजर्स इंस्टॉल कर पा रहे हैं, जिससे यूजर्स के बीच कंफ्यूजन और बढ़ गया है।
सरकार का बयान: ‘TikTok अभी भी बैन है’
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि टिकटॉक पर से बैन हटा लिया गया है। लेकिन केंद्र सरकार ने इसे पूरी तरह से झूठा और भ्रामक बताया है।
समाचार एजेंसी ANI के अनुसार, सरकारी सूत्रों का कहना है कि भारत सरकार ने TikTok को अनब्लॉक करने का कोई आदेश जारी नहीं किया है। फिलहाल इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्रालय की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
क्यों लगा था भारत में TikTok पर बैन?
जून 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए टिकटॉक, वी-चैट और हेलो समेत कई चीनी ऐप्स पर बैन लगाया था।
इस संघर्ष में 20 भारतीय जवान शहीद हुए थे, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।
सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (IT Ministry) ने तब कहा था कि ये चीनी ऐप्स भारत की संप्रभुता, अखंडता, रक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं। इसी वजह से टिकटॉक समेत 200 से ज्यादा चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया था।
भारत-चीन रिश्तों में नरमी का असर?
पिछले कुछ महीनों से भारत और चीन के बीच रिश्तों में हल्की नरमी देखने को मिल रही है। दोनों देशों के बीच कई आधिकारिक दौरे हो रहे हैं। हाल ही में चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत दौरे पर आए थे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों देशों के बीच तनाव कम हो रहा है।
हालांकि, फिलहाल सरकार ने साफ कर दिया है कि TikTok और अन्य बैन किए गए ऐप्स पर से रोक अभी नहीं हटाई गई है।
TikTok की वेबसाइट का भारत में खुलना यूजर्स को जरूर चौंका रहा है, लेकिन सरकार ने साफ कह दिया है कि बैन हटाने का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में TikTok यूजर्स को अभी भी आधिकारिक तौर पर इसका इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं है।






